क्या यूपी के बदायूं जिले का नाम भी बदलेगा? सीएम योगी आदित्यनाथ बोले- पहले इसे वेदमऊ कहा जाता था
- Vaishali
- 9 नव॰ 2021
- 2 मिनट पठन
अब शायद पश्चिम यूपी के बदायूं जिले का नाम सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार बदल सकती है। मंगलवार को बदायूं में ही एक कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस बात के संकेत दिए।

उत्तर प्रदेश में अब तक कई शहरों और रेलवे स्टेशनों के नाम बदले जा चुके हैं। अब शायद पश्चिम यूपी के बदायूं जिले का नाम सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार बदल सकती है। मंगलवार को बदायूं में ही एक कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस बात के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल में बदायूं वेदमऊ के नाम से जाना जाता था और यहां वेदों का अध्ययन हुआ करता था। उन्होंने कहा कि अगर यूपी की सरकारों ने आजादी के बाद से संसाधनों का सही इस्तेमाल किया होता तो खेती फायदे का सौदा होती और किसानों की स्थिति बेहतर होती।
योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'एक समय बदायूं को वेदमऊ के नाम से जाना जाता था। यह स्थान वेदों के अध्ययन का केंद्र हुआ करता था। यह भी कहा जाता है कि गंगा को धरती पर लाने वाले महाराज भगीरथ ने भी इस धरती पर तपस्या की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा हजारों सालों से हमें उपजाऊ जमीन मुहैया करा रही है। गंगा और यमुना के किनारे की भूमि को दुनिया के सबसे उपजाऊ क्षेत्रों में से एक माना जाता है।
धार्मिक ग्रंथों के अनुसार भगीरथ की तपस्या के कारण ही गंगा स्वर्ग से पृथ्वी पर अवतरित हुई थी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर अब तक बनी सरकारों ने संसाधनों का सही इस्तेमाल किया होता तो राज्य के किसान न केवल पूरे भारत बल्कि दुनिया का पेट भरने की स्थिति में होते। उन्होंने कहा कि सरकारों ने ऐसा नहीं किया। अपराधियों ने किसानों की जमीन पर कब्जा कर लिया है। बिगड़ते हालात के चलते यूपी में कृषि घाटे का धंधा बन गया था।
योगी आदित्यनाथ सरकार ने बदले इस जगहों के नाम
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज कर दिया गया है। इसके अलावा फैजाबाद जिले का नाम अब अयोध्या हो गया है। इतना ही नहीं, पूर्वी यूपी में मुगलसराय के रेलवे स्टेशन का नाम अब जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर रखा गया है। इसके अलावा कई गांवों के नाम भी बदले गए हैं। ऐसे में अब सीएम योगी के बयान से भी कयास लगाए जा रहे हैं कि नाम बदलने के क्रम में अगला नंबर बदायूं का है या नहीं।
Comments